सुंदरनगर (मंडी)। नागरिक अस्पताल सुंदरनगर में आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को चिलचिलाती गर्मी में शीतल पेयजल नहीं मिल रहा है। अस्पताल परिसर में वाटर कूलर खराब होने से मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तीमारदार परस राम, कल्पना, सीमा, सुंदर लाल ने बताया कि सोमवार को अस्पताल में मरीज अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक पहुंचते है। प्रचंड गर्मी में लोगों को परिसर में प्यास बुझाने के लिए पानी नहीं मिल रहा है।

अस्पताल प्रबंधन से बात करने पर बताया कि कूलर में करंट दौड़ रहा है। इस कारण इनको बंद कर रखा है। मरीजों ने अस्पताल प्रबंधन से कूलरों को ठीक करवाने की मांग की है। अस्पताल के कार्यकारी प्रभारी डॉ. जितेंद्र रुड़की ने बताया कि इन कूलरों की ठीक करवाया जा रहा है। जल्द ही ठंडे पानी की व्यवस्था हो जाएगी।
