Himachal Weather: सोमवार को हिमाचल प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में लू चली। यह दिन सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। वहीं, मंगलवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में लू चलने का अलर्ट है।
हिमाचल प्रदेश में चिलचिलाती गर्मी पसीने छुड़ा रही है। सोमवार को सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। हमीरपुर के नेरी में अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा 42.6, ऊना में 42.4 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के चार जिलों का पारा 40 डिग्री को पार कर गया। कांगड़ा शहर का पारा 40.4 और बिलासपुर का 40.1 डिग्री रहा। सोमवार को मैदानी क्षेत्रों में लू चली। मंगलवार को भी कई क्षेत्रों में लू चलने का अलर्ट है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 12 जून तक प्रदेश में धूप खिली रहेगी। अगले तीन दिन पारा दो से तीन डिग्री और चढ़ने की आशंका है। उधर, 13 से 15 जून तक प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर गर्ज के साथ बारिश और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। राजधानी शिमला का अधिकतम पारा भी 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पहाड़ों की रानी में भी दिन को लोग छाता लेकर और महिलाएं चुनरी लेकर जाती दिखीं।
