सुंदरनगर में चलती गाड़ी में स्टंट करने पर चालान
खबर हिमाचल / सुंदरनगर
कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वाले पर्यटकों पर सुंदरनगर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। हरियाणा नंबर के एक पर्यटक वाहन में सवार कुछ युवकों ने जडोल के समीप चलती गाड़ी की खिड़कियों से बाहर निकलकर अठखेलियां करते नजर आए। इस लापरवाही भरे कृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई और रविवार शाम को ऑनलाइन चालान कर दिया। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित वाहन की पहचान की गई।

इसके बाद मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए नियमों की उल्लंघना पर 2500 रुपए का जुर्माना लगाया गया है। डीएसपी ने स्पष्ट किया कि ट्रैफिक नियमों की अवहेलना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
