मंडी. भारी गर्मी के चलते हिमाचल प्रदेश में सैलानियों की संख्या में खासा इजाफा हुआ है. मनाली में बड़ी संख्या में सैलानी आ रहे हैं. हालांकि, बीच रास्ते में टूरिस्ट ब्यास नदी के किनारों पर अटखेलियां करते हुए नजर आ रहे हैं. इन टूरिस्ट को जान की भी कोई परवाह नहीं है. ताजा मामला मंडी से सामने आया है, जहां पर अब एक थार गाड़ी का चालान कटा है.
दरअसल, पंडोह में एक बार फिर पर्यटकों की लापरवाही सामने आई है. हरियाणा के नारनौल के आए छह युवाओं ने थार गाड़ी में सवार होकर ब्यास नदी के उफनते जल के किनारे तक गाड़ी पहुंचा दी. यह घटना पंडोह डैम के पास स्थित मोक्षधाम क्षेत्र की है, जहां पर स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगे होने के बावजूद इन युवाओं ने आदेशों की अवहेलना करते हुए वाहन को नदी के बिलकुल पास ले गए.

घटना के समय पंडोह डैम से पानी छोड़ा गया था, जिससे ब्यास नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया था और बहाव भी तेज था. स्थानीय लोगों ने इस लापरवाही को देखकर तुरंत पंडोह पुलिस चौकी को सूचना दी. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी पर्यटकों को सुरक्षित स्थान पर लाया और नियमों की अनदेखी करने पर 4500 रुपये का चालान काटा. चेतावनी देकर पर्यटकों को जाने दिया गया.
पंडोह पुलिस चौकी प्रभारी अनिल कटोच ने चालान की पुष्टि करते हुए आम लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे नदी किनारे न जाएं और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें.
